बस्ती। लोक कलाओं के संरक्षण व संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अवधी-भोजपुरी लोक रंग उत्सव, कार्यशाला एवं मंचीय प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन युवा विकास समिति बस्ती द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से बस्ती सदर ब्लॉक के गौरा गांव में सोमवार को किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की समृद्ध लोक परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें लोक कलाकारों द्वारा लोक गायन, वादन एवं लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इसकी जानकारी देते हुए आयोजक संस्था के सचिव बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन एवं नई पीढ़ी को इससे जोड़ने के उद्देश्य से कार्यशाला का भी आयोजन किया गया था। इस कार्यशाला में अनुभवी लोक कलाकार प्रतिभागियों को पारंपरिक गायन शैलियों, वाद्य यंत्रों के उपयोग तथा लोक नृत्य की बारीकियों की प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक प्रसिद्ध लोक कलाकार भाग लेंगे, जो अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अवधी और भोजपुरी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिल सके।
आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विलुप्त होती लोक कलाओं को पुनर्जीवित करना, कलाकारों को प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीण अंचल में सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
