लंभुआ/सुलतानपुर। क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र सिद्ध पीठ बाबा जनवारी नाथ धाम में 5 मार्च (बृहस्पतिवार) को भव्य फूलों की होली का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष होली के अगले दिन आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस वर्ष भी शाम 4 बजे से धाम परिसर में आध्यात्मिक वातावरण के बीच पुष्पों की होली खेली जाएगी।
यह आयोजन बाबा जनवारी नाथ धाम सेवा संस्थान के तत्वावधान में किया जा रहा है। संस्थान के अनुसार पारंपरिक होली को धार्मिक मर्यादा और भक्तिभाव के साथ मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। फूलों के माध्यम से श्रद्धालु अपनी आस्था व्यक्त करेंगे और पूरा धाम परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर रहेगा।
पूजन और अनुष्ठान की व्यवस्था आचार्य पंडित रविशंकर शुक्ल के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों की टोली द्वारा की जाएगी। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न होगा। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा, अनुशासन, पुष्प प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संस्थान के सचिव विवेक बरनवाल ने बताया कि तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और क्षेत्रवासियों से समय पर पहुंचकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। वहीं संस्थान के अध्यक्ष रणवीर सिंह ने भी समस्त भक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक उत्सव में भाग लेने की अपील की है।
कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध कांवर निर्माण समिति के अध्यक्ष एवं सर्वोदय नगर निवासी दिलीप अग्रहरि अपने परिवार सहित यजमान की भूमिका निभाएंगे।
फूलों की होली जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और धार्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का माध्यम बनते हैं। 5 मार्च की संध्या को होने वाला यह आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
