•नववर्ष पर शिकार रोकने के लिए वन विभाग सतर्क।
हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट
हरिद्वार (उत्तराखंड)। नववर्ष के अवसर पर जंगली जानवरों के शिकार की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने कड़े कदम उठाए हैं। हरिद्वार जनपद के पथरी वन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए वनकर्मियों की छुट्टियों पर 1 जनवरी तक पूर्ण रोक लगा दी गई है।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने आदेश जारी कर सभी वन अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जंगल क्षेत्र में गश्त तेज करने तथा शिकारियों पर कड़ी नजर रखने को कहा है। विभाग का मानना है कि नववर्ष के दौरान शिकारी सक्रिय हो जाते हैं, जिससे वन्यजीवों को खतरा बढ़ जाता है।
पथरी वन सेक्शन अधिकारी हरीश वालिया ने बताया कि जंगल में नियमित और सघन गश्त की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग का उद्देश्य नववर्ष के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध शिकार की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।
