बस्ती। जनपद बस्ती के स्थापना दिवस को इस वर्ष विशेष और भव्य रूप से मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में 6 मई 2026 को “बस्ती स्थापना दिवस समारोह एवं बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड 2026” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ, बस्ती द्वारा प्रस्तावित है।
संस्था के अध्यक्ष भावेष पाण्डेय ने बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड” कार्यक्रम को समाज के विभिन्न वर्गों से व्यापक सराहना और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। उस अवसर पर बस्ती से जुड़े उन प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया था, जिन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा, साहित्य, खेल, प्रशासन, उद्योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर जनपद का नाम देश-विदेश में गौरवान्वित किया है।
उन्होंने बताया कि देश और विदेश में रहने वाले कई सम्मानित लोग भी इस अवसर पर अपनी जन्मभूमि बस्ती आए थे और सम्मान प्राप्त कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया था।
इस वर्ष इस आयोजन को और अधिक व्यापक रूप देते हुए इसे बस्ती के स्थापना दिवस 6 मई से जोड़ा जा रहा है, ताकि जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत बस्ती की गौरवगाथा पर आधारित विशेष प्रस्तुति, स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड 2026” से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बस्ती की प्रतिभाओं को सम्मानित करना, युवाओं को प्रेरित करना और जनपद की सकारात्मक पहचान को समाज के सामने प्रस्तुत करना है। इस अवसर पर जनपद के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ द्वारा जल्द ही कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी और नामांकन प्रक्रिया की घोषणा भी की जाएगी।
