वृंदावन, मथुरा। परिक्रमा मार्ग स्थित संत नगर कॉलोनी में लोधी समाज का भव्य आयोजन शौर्य, संकल्प एवं सामाजिक चेतना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भक्ती आनंद जी महाराज ने की, जबकि मंच का संचालन डॉ. राजेंद्र लोधी ने कुशलतापूर्वक किया। आयोजन में प्रदेशभर से आए सहस्राधिक समाजबंधुओं के साथ कई सांसदों एवं विधायकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्राप्त हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उन्नाव के सांसद एवं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी जी महाराज ने अपने ओजस्वी संबोधन में समाज को संगठित रहने का आह्वान किया।
उन्होंने लोधी समाज के पूर्वजों द्वारा स्थापित धर्मशाला को “सामाजिक अस्मिता का प्रतीक” बताते हुए इसके जीर्णोद्धार के लिए अपने निजी कोष से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिसका उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने वृंदावन आगमन को सौभाग्य बताते हुए चिंता जताई कि समाज की इस अमूल्य धरोहर पर भू-माफियाओं की नजर है। उन्होंने कहा कि अपनी विरासत की रक्षा करना समाज का नैतिक दायित्व है और इसके लिए सभी को एकजुट व सतर्क रहना होगा।
कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र सिंह, कैलाश सिंह, वीरेंद्र सिंह, हरिओम वर्मा, सीपी सिंह, वीरू राजपूत, पूर्व विधायक कृष्णपाल सिंह, ओमप्रकाश (आरटीओ) सहित ट्रस्ट अध्यक्ष मंगल सिंह लोधी, महामंत्री बाबूलाल, महावीर प्रधान, सतीश राजपूत, भजनलाल, मनोहर पटेल, खेमचंद एडवोकेट, कलुआ एडवोकेट, राजन (सीए), गोवर्धन प्रधान, मास्टर शिवलाल, विवेक एडवोकेट समेत सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।
