गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में मठ के प्रथम तल स्थित शक्ति मंदिर में भगवान भोले शंकर का विधि-विधान से पंचामृत स्नान कराया। दुग्ध, दही, घी, मधु और शर्करा से अभिषेक के उपरांत उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक किया।
इस अवसर पर मठ के पुरोहितों एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों के साथ विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया। पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों की गूंज से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
रुद्राभिषेक के उपरांत मुख्यमंत्री ने चराचर जगत के मंगल, प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण के लिए महादेव भगवान शिव से प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति भी रही और सभी ने प्रदेश एवं देश की सुख-शांति की कामना की।
