•दुर्घटना के घायलों को समय पर नहीं मिली एंबुलेंस, निजी ले जाने के आरोप।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में एक सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुतुबनगर रोड पर हुई एक मार्ग दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीतापुर रेफर किया गया, लेकिन मौके पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। कंट्रोल रूम से संपर्क करने पर बताया गया कि सभी एंबुलेंस व्यस्त हैं। चिकित्सकों द्वारा भी संपर्क किए जाने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ एंबुलेंस चालक गुपचुप तरीके से निजी सवारियां ढोते हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस वजह से जरूरतमंद मरीजों को समय पर सरकारी एंबुलेंस सुविधा नहीं मिल पा रही है।
क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में मरीजों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितना गंभीरता से लेकर सुधारात्मक कदम उठाता है।
