•विकास भवन घेराव, 15 दिन में भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी।
सिद्धार्थनगर। मनरेगा मजदूरों की बकाया मजदूरी एवं ग्राम रोजगार सेवकों सहित अन्य संविदा कर्मियों के लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विकास भवन का घेराव कर विरोध जताया और मुख्य विकास अधिकारी को संबोधित ज्ञापन जिला विकास अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि मनरेगा के तहत कार्य करने वाले मजदूरों की मजदूरी लंबे समय से लंबित है, जिससे गरीब परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्राम रोजगार सेवकों एवं अन्य संविदा कर्मियों को भी कई महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनकी स्थिति दयनीय हो गई है।
–गरीबों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं: जिलाध्यक्ष
जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि मनरेगा मजदूरों का हक मारना गरीबों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मजदूरों की बकाया मजदूरी एवं कर्मियों का लंबित मानदेय शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।
––15 दिन में भुगतान नहीं तो होगा उग्र आंदोलनजिला उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह, सादिक अहमद, रंजना मिश्रा एवं सतीश चन्द्र त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी और सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
––बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान रियाज़ मनिहार, राजन श्रीवास्तव, ओमप्रकाश दूबे, सुदामा प्रसाद, रितेश त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद कुमार, होरी लाल श्रीवास्तव, मुकेश कुमार चौबे, संतोष त्रिपाठी, रिजवान, ज़ुबैर खान, शौकत अली, रुखमीना साहनी, पन्ना लाल साहनी, श्याम नारायन (विज्ञानी बाबा) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
