•टीकाकरण व मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर फोकस।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों, संकेतकों और प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।बैठक में डीपीएम विनीत श्रीवास्तव ने एजेंडा बिंदुओं के साथ विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की अद्यतन स्थिति एवं लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की जानकारी दी।
सीडीओ ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण, कुपोषण की जांच और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
सीडीओ ने जननी सुरक्षा योजना के प्रभावी संचालन, संस्थागत प्रसव, आभा आईडी, आशा व एएनएम कार्यप्रणाली तथा उनके भुगतान से संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चिकित्साधिकारी अपने क्षेत्र की आशा और एएनएम के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा योजनाओं की सतर्क मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
बैठक में मरीजों के लिए अस्पतालों में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, व्हीलचेयर एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना के भुगतान, ओपीडी/आईपीडी में मरीजों की संख्या, दवा वितरण, टीबी नियंत्रण, संचारी रोग, रेबीज टीकाकरण, स्नेक बाइट वैक्सीन तथा चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एसीएमओ डॉ. रामरतन, डॉ. महेंद्र प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
