👉 विकासखंड स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति, पत्रावलियों के सुव्यवस्थित ढंग से रखरखाव, साफ-सफाई सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण कर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।
👉 पत्रावलियों का ससमय एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण किया जाए सुनिश्चित, किसी भी पटल पर कोई भी पत्रावली/प्रकरण न रहे पेंडिंग-डीएम।
के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा आज विकासखंड नाथनगर कार्यालय के सभी पटलों/अनुभागों का सघन निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा पत्रावलियों के सुव्यवस्थित ढंग से रख रखाव, पटल से संबंधित पत्रावलियों के नियमानुसार व त्वरित निस्तारण, कार्यालय परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य बिंदुओं पर संबंधित कार्यालय/पटल सहायक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा सभी कक्षों का निरीक्षण करते हुए शासन द्वारा निर्धारित बिन्दु के तहत स्थापना पटल के अन्तर्गत आई0जी0आर0एस0, जनता दर्शन रजिस्टर एवं शिकायतों का निरीक्षण किया गया। तीन कर्मचारियों अभय प्रताप सिंह, सहायक विकास अधिकारी (ग्रा0वि0) एवं विनय कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ सहायक एवं केशवदास ग्राम विकास अधिकारी की चरित्र पंजिका एवं जी0पी0एफ0 पासबुक का परीक्षण किया गया जो अद्यतन पायी गयी। तत्पश्चात लेखाकार पटल से ग्रान्ट रजिस्टर-1, ग्रान्ट रजिस्टर- II, ग्रान्ट रजिस्टर III एवं कैशबुक का अवलोकन किया गया तथा अवशेष बची धनराशि से विकास कार्य कराने हेतु निर्देशित किया गया।
महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजनान्तर्गत कार्यों की समीक्षा के उपरान्त अपूर्ण कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया। मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास का अवलोकन किया गया जिसमें विगत वर्ष से अपूर्ण आवासों को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। जिसके पश्चात् विकास खण्ड परिसर में निर्माणाधीन खण्ड विकास अधिकारी कक्ष का निरीक्षण किया गया जिसमें मिस्त्री द्वारा निर्मित दीवार को टेढ़ी कर दिये जाने पर तत्काल गिराने हेतु एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री से निर्मित करने हेतु निर्देशित किया गया। तत्क्रम निर्माणाधीन दीवार को तत्काल गिरा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी नाथनगर कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया जो अनुपस्थित पाये गये एवं विकास खण्ड परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई एवं मिट्टी पटाई के पश्चात पेड़ लगाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी नाथनगर सहित अन्य विकास खण्ड के अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
