•गले मिलकर दी मुबारकबाद, हिंदू-मुस्लिम एकता की दिखी मिसाल।
बस्ती। जनपद बस्ती के सभी मस्जिदों में ईद का पर्व हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विशेष नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान सामाजिक सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली, जहां हिंदू समुदाय के लोग भी अपने मुस्लिम भाइयों के घर जाकर सेवईं खाकर और गले मिलकर त्योहार की खुशियां साझा करते नजर आए।
भारत की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक इस पर्व पर साफ दिखाई दी, जहां सभी समुदाय के लोग मिलजुलकर त्योहार मनाते हुए आपसी गिले-शिकवे भुलाकर भाईचारे का संदेश देते हैं। ईद के मौके पर जरूरतमंदों की मदद करने की परंपरा भी निभाई गई।
जमदाशाही मस्जिद में सादगी से अदा हुई नमाज
इसी क्रम में जमदाशाही स्थित मस्जिद में सादगीपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।
इस संबंध में साउघाट प्रथम के जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी एवं एआईएमआईएम पदाधिकारी अब्दुल कलाम ने बताया कि ईद का त्योहार अत्यंत खुशनुमा माहौल में मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग भी शामिल हुए।
इस अवसर पर बदरे आलम, आफताब आलम, मोहम्मद कलीम, मोहम्मद नूर हसन, मतलूब आलम एवं कल्लू प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
दरियाखां मस्जिद में भी अदा की गई नमाज
वहीं जिला मुख्यालय स्थित दरियाखां मस्जिद में एआईएमआईएम के जिला सचिव मोहम्मद यूसुफ के नेतृत्व में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।
इस मौके पर मोहम्मद फहाद, मोहम्मद नदीम, मोहम्मद जैद, ताबिश खान, मोहम्मद साद सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे।
