Oplus_131072
रिपोर्ट: राकेश कुमार
प्रयागराज। संगम नगरी में मेट्रो संचालन को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। मेट्रो के लिए ट्रैक निर्माण की प्रक्रिया आगामी अगस्त माह से शुरू होने की तैयारी है। आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार मेट्रो का संचालन अब संगम क्षेत्र में प्रस्तावित रोप-वे रूट तक किया जाएगा।
नई योजना के तहत एयरपोर्ट और रोप-वे क्षेत्र को शामिल करने से मेट्रो के रूट का दायरा लगभग 16 किलोमीटर तक बढ़ जाएगा। इसके साथ ही छह नए स्टेशनों को भी जोड़ा जाएगा।
पहले शहर में 44 किलोमीटर क्षेत्र में मेट्रो संचालन प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 60 किलोमीटर तक करने की योजना तैयार की जा रही है।
यातायात व्यवस्था को सुगम और ट्रैफिक नियंत्रण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मेट्रो का संचालन दो प्रमुख रूटों पर किया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर लगभग 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है।
पहले बमरौली से सिटी लेक झूंसी तक 23 किलोमीटर के दायरे में मेट्रो चलाने की योजना थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर एयरपोर्ट और रोप-वे क्षेत्र तक 39 किलोमीटर कर दिया गया है। वहीं शांतिपुरम से छिवकी तक 21 किलोमीटर के रूट में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
