•18 वर्ष पूर्व हुई थी शादी, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और गला दबाकर हत्या का आरोप।
बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र के टिकुइया गांव में दो बच्चों की मां विवाहिता रीना वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
गोण्डा जनपद के खोडारे थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहरपुर निवासी गुरुबक्स वर्मा ने जनसुनवाई पोर्टल और एसपी को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री रीना वर्मा की शादी करीब 18 वर्ष पूर्व रामजनम वर्मा के साथ हुई थी। दंपति के दो बच्चे-14 वर्षीय आंशिका और 7 वर्षीय शिवांश हैं।
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग रीना को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और जान से मारने की धमकी देते रहते थे। 30 मार्च को साजिश के तहत गला दबाकर हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
घटना की सूचना उन्हें नाती शिवांश द्वारा फोन पर दी गई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया और थाने में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर दिया।
पीड़ित पिता ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है।
