बस्ती। गुरुवार को अखिल भारतीय छत्रपति शिवाजी महाराज वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्वांचल विकास बोर्ड के निवर्तमान सदस्य बौद्ध अरविंद सिंह पटेल के नेतृत्व में फाउंडेशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से निजी स्कूलों में बढ़ते शिक्षा के बाजारीकरण पर रोक लगाने की मांग की गई। इस अवसर पर बौद्ध अरविंद सिंह पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा गरीब छात्रों को समान शिक्षा उपलब्ध कराने की विधिक व्यवस्था है, लेकिन निजी विद्यालय इसका पालन नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन लगातार प्रदेश के मुख्यमंत्री से समान शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की मांग करता रहा है। मुख्यमंत्री इस दिशा में गंभीर हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की उपेक्षा के कारण गरीब परिवारों के छात्र आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि निजी स्कूलों में हर वर्ष रि-एडमिशन के नाम पर शुल्क वसूली, ड्रेस और मनमाने प्रकाशकों की किताबों के नाम पर अभिभावकों का शोषण किया जा रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं। उन्होंने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष कपिलदेव चौधरी, जिलाध्यक्ष जुग्गीलाल वर्मा, शिवशंकर श्रीवास्तव (एडवोकेट), महेश कुमार, राकेश चौधरी, रामफल गौतम, घनश्याम श्रीवास्तव, राजमति चौधरी, राहुल पटेल, अरुण चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
