बस्ती। देशराज नारंग दयानंद इंटर कॉलेज, गोविंद नगर (वाल्टरगंज), बस्ती के प्रांगण में आयोजित राजा लक्ष्मेश्वर सिंह स्मृति खेल प्रतियोगिता 2026 का समापन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री अभिनन्दन ने क्षेत्राधिकारी सदर की उपस्थिति में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।










समारोह में मुख्य अतिथि राजा बस्ती श्री एश्वर्य प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक बस्ती ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेलों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का आह्वान किया।
प्रतियोगिता का आयोजन युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
