बस्ती। सामाजिक कार्यकर्ता ‘पेड़ वाले बाबा’ गौहर अली ने रजिस्ट्री दफ्तर के पास लगाए गए पौधों की कटाई-छंटाई, निराई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल की। बड़े हो चुके पौधों से ट्री गार्ड हटाए गए, वहीं छोटे पौधों की विशेष रूप से सफाई और संरक्षण किया गया। इस दौरान काम करते समय कई लोगों को मधुमक्खियों के हमले और चोटों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद कार्य जारी रखा गया।
गौहर अली ने बताया कि जब तक पौधे पूरी तरह विकसित होकर स्वावलंबी नहीं हो जाते, तब तक उनकी देखभाल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तेज धूप और लू के कारण पौधे जल्दी मुरझा जाते हैं, जिससे उनकी हरियाली प्रभावित होती है। ऐसे में नियमित देखभाल और संरक्षण आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जिस तरह हम अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, उसी तरह पेड़-पौधों की भी देखभाल करें। इस अभियान में अखिलेश राज, रामलाल सोनी और राहुल कुमार सहित कई लोगों ने सहयोग किया।
