•सोहागीबरवा वन प्रभाग के कार्यक्रम में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारम्भ, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह।
महराजगंज। विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर सोहागीबरवा वन प्रभाग द्वारा डीजीसी (डिस्ट्रिक्ट गवर्नमेंट कॉम्प्लेक्स) महराजगंज में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का भी शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी महराजगंज रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि वन और जल स्रोत पर्यावरण संतुलन के प्रमुख आधार हैं, इसलिए इनके संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वन संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
