•राज्य महिला आयोग की सदस्या जनक नंदिनी ने खलीलाबाद में की जनसुनवाई, सीएचसी निरीक्षण और काली जगदीशपुर में महिला चौपाल आयोजित।
— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती जनक नंदिनी ने जनपद में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा करते हुए पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।








इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद का निरीक्षण कर महिला वार्ड, सामान्य वार्ड, एनबीएसयू कक्ष, प्रसव कक्ष, आयुष्मान कार्ड पटल, महिला ओपीडी एवं ब्लड बैंक आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
तहसील खलीलाबाद में आयोजित महिला जनसुनवाई में कुल 24 मामले प्राप्त हुए, जिन्हें निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
इसके बाद विकास खंड नाथनगर के ग्राम पंचायत काली जगदीशपुर में महिला चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
सदस्या ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नाथनगर का भी निरीक्षण कर छात्राओं से उनका कुशल-क्षेम पूछा।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
