कुदरहा, बस्ती: विकास खंड कुदरहा के ग्राम मसोढ़वा में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। तीजू यादव के निवास पर 24 मार्च से प्रारंभ हुई इस कथा में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कथा के सातवें दिन 31 मार्च को कथा व्यास पंडित अजय त्रिपाठी ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। सुदामा चरित्र के माध्यम से उन्होंने सच्ची मित्रता, त्याग एवं भगवान की अपने भक्तों पर अटूट कृपा का संदेश दिया। इसी के साथ मुख्य कथा का समापन किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में 1 अप्रैल 2026 (बुधवार) को प्रातः विधि-विधान से हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 5 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
आयोजक एवं यजमान तीजू यादव व समस्त यादव परिवार ने बताया कि कथा का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति की स्थापना तथा नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से भंडारे में शामिल होने की अपील की है।
कथा में मालती देवी, नंदलाल यादव सहित ग्रामवासी श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान ओंकार, रामवृक्ष, अमित, सुमित, आर्यन, सेवालाल, मोहित सहित यादव परिवार एवं मित्रगण उपस्थित रहे।
