गोरखपुर: पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेल राजस्व की क्षति रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 से 29 मार्च 2026 तक गोरखपुर मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देश पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में वाणिज्य अधिकारियों की टीम ने गोरखपुर-गोंडा, गोरखपुर-बस्ती एवं गोरखपुर-बेलथरा रेल खंडों पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट एवं बिना बुक किए गए सामान के कुल 173 मामले पकड़े गए।
जांच के दौरान पेंट्रीकार एवं ऑनबोर्ड स्टाफ की पहचान (आईडी) की भी जांच की गई। अभियान के परिणामस्वरूप कुल 1,11,650 रुपये (एक लाख ग्यारह हजार छह सौ पचास रुपये) का रेल राजस्व वसूला गया।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और राजस्व सुरक्षा के लिए सभी मंडलों में नियमित रूप से स्पॉट चेक, एम्बुश चेक एवं किलाबंदी चेक किए जा रहे हैं। आगे भी स्टेशनों और ट्रेनों में इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट अवश्य लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
