बस्ती। होली केवल किसी एक वर्ग या समुदाय का नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता का महापर्व है। यह बात ओम प्रकाश आर्य, प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती ने होली के अवसर पर अपने संदेश में कही। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व अत्यंत वैज्ञानिक सोच के साथ बनाए गए हैं और इन्हें किसी विशेष वर्ग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। सभी लोगों को मिलकर इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाना चाहिए।

होली उत्सव के अंतर्गत स्वामी दयानंद विद्यालय सुरतीहट्टा बस्ती में वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने बताया कि होली पर्व का प्राचीन नाम ‘वासन्ती नवस्येष्टि’ है, जिसका अर्थ है नए अन्न का यज्ञ। उन्होंने बताया कि अनाज की ऊपरी पर्त को ‘होलिका’ और भीतर के भाग को ‘प्रह्लाद’ कहा जाता है। होलिका दानों की रक्षा करती है, इसलिए उसे माता कहा गया है। यदि यह पर्त न हो तो गेहूं, जौ, चना, मटर आदि दानों का अस्तित्व संभव नहीं। जब ये अन्न भुने जाते हैं, तो उनकी बाहरी परत पहले जलती है और अंदर का भाग सुरक्षित रहता है। इसीलिए प्रसन्नता पूर्वक ‘होलिका माता की जय’ का उद्घोष किया जाता है। अधजले अन्न को ‘होलक’ कहा जाता है, जिससे ‘होलिकोत्सव’ नाम की उत्पत्ति हुई।
प्रधानाध्यापक आदित्यनारायण गिरि ने कहा कि ऋतु परिवर्तन के समय उत्पन्न होने वाले रोगों के नाश हेतु यज्ञ किए जाते थे। यह पर्व अपनी बुराइयों को भस्म कर सद्गुणों को प्रकाशित करने की प्रेरणा देता है।
शिक्षक दिनेश मौर्य ने कहा कि अग्नि देवताओं और पितरों का मुख है। यज्ञ में अन्नादि सामग्री अर्पित करने से वह सूक्ष्म रूप में देवताओं व पितरों तक पहुंचती है। वहीं शिक्षक नितीश कुमार ने बच्चों को बताया कि आदिकाल से यह पर्व याज्ञिक स्वरूप में मनाया जाता रहा है। जब तक इसका मूल स्वरूप कायम रहा, तब तक समाज रोग और शोक से मुक्त रहा। वर्तमान में इसके स्वरूप में आई विकृतियों को दूर करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने होली पर आधारित गीत, कविताएं और लघु व्याख्यान प्रस्तुत कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया। शिक्षकों ने बच्चों को रासायनिक रंगों के प्रयोग से बचने और सुरक्षित होली खेलने की सलाह दी।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर दिनेश कुमार, अरविंद श्रीवास्तव, नितेश कुमार, अनीशा मिश्रा, महक मिश्रा, पूजा साहनी, अंशिका पाण्डेय, स्वप्नल, शिवांगी गुप्ता, मान्या जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
