— के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जनपद के खलीलाबाद विकासखंड अंतर्गत महादेवा क्षेत्र के बढ़ैपुरवा गांव में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठवें सोपान पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शनिवार को कथा स्थल पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।


खलीलाबाद विकासखंड के प्रधान संगठन अध्यक्ष जगदीश चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों ग्राम प्रधानों ने कथा स्थल पहुंचकर व्यास पीठ पर मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। अयोध्या धाम से पधारे कथा वाचक परम पूज्य प्रशांत भूषण जी महाराज के मुखारविंद से प्रवाहित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा वाचक द्वारा प्रधानों को अंगवस्त्र व प्रसाद प्रदान किया गया।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष सहित उपस्थित ग्राम प्रधानों ने विधि-विधान से श्रीमद्भागवत आरती में सहभागिता निभाई और स्वयं को प्रभु श्रीचरणों में समर्पित किया। कथा के दौरान भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की त्रिवेणी प्रवाहित होती रही, जिसे सुन श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान खरवनिया कला ने अपने संबोधन में कहा कि “पौराणिक कथाएं केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में उतारने के लिए होती हैं। श्रीमद्भागवत कथा हमें संस्कारयुक्त सतमार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।” उन्होंने आयोजक मंडल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव तथा जिला पंचायत सदस्य पद के संभावित प्रत्याशी राजपाल यादव ने भी व्यास पीठ पर मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रधान संगठन अध्यक्ष जगदीश चौधरी के आगमन पर आयोजक मंडल द्वारा फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बालेंद्र चौधरी, सर्वेश भट्ट, जुगनी सिंह, दीकतौली के ग्राम प्रधान आत्माराम चौधरी, पवन यादव, सुभाष तिवारी, शंकर यादव, आनंद ओझा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
