बस्ती। गुरुवार को राजन इंटरनेशनल एकेडमी में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं पूर्वांचल के मालवीय पं. सूर्यनारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर हुई।
इस अवसर पर प्रबंधक निदेशक शिखा चतुर्वेदी, कार्यकारी निदेशक संजीव पाण्डेय, प्रधानाचार्य सानू एन्टोनी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्रों का चंदन तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिखा चतुर्वेदी ने कहा कि गुरुओं के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास के कारण एकेडमी ने अपने पांचवें वर्ष में शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तक ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि छात्रों का समग्र विकास करना है। एक सक्षम गुरु ही विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि बेहतर शिक्षा के लिए अत्याधुनिक संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में छात्रों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों का मुंह मीठा कराया गया तथा आइसक्रीम वितरित की गई।इस अवसर पर विद्यालय के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
