कुदरहा(बस्ती)। जनपद में कलवारी थानाक्षेत्र के चकदहा स्थित ईंट भट्ठे के पास रामजानकी मार्ग पार करते समय डायल 112 पीआरबी पुलिस वाहन की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बोधराम (35) पुत्र ठेगनू, निवासी ग्राम छाता थाना सलया, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी हेमकली और दो बच्चों के साथ चकदहा के एक ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोधराम सड़क पार कर रहा था तभी तेज रफ्तार पीआरबी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया और सड़क पर गिरने से सिर में गंभीर चोट आई मौजूद पीआरबी टीम ने घायल को तत्काल वाहन में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा कुदरहा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना चाचा कैलाश ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पत्नी हेमकली अस्पताल पहुंची और घायल पति को जिला अस्पताल ले गई। मौके पर एसआई गोपाल यादव, पीआरबी चालक अरविंद सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
