कुदरहा (बस्ती)। युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित गोरखपुर ज़ोनल कबड्डी प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग में कुदरहा ब्लॉक के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इस जीत से क्षेत्र के युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
कुदरहा ब्लॉक के इजरगढ़ में संचालित ब्लैक पैंथर्स कबड्डी टीम ने युवा कल्याण विभाग की इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गोरखपुर और बस्ती की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। रोमांचक खेल में बस्ती की टीम ने गोरखपुर को पराजित कर जीत हासिल की और चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
टीम के कोच विकास सिंह ने बताया कि उनकी टीम हर वर्ष युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेती है। टीम को ब्लॉक के खण्ड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज, बीओ पीआरडी राधा गुप्ता तथा सीएम फेलो आनंद सोनी का निरंतर सहयोग मिलता है। साथ ही समय-समय पर वे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी करते रहते हैं।
खण्ड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने बताया कि कुदरहा की टीम ने लगातार तीसरी बार चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। इससे न केवल ब्लॉक बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा लगातार निखर रही है और उनकी मेहनत के बल पर आधा दर्जन से अधिक युवा सेना और पुलिस में भी नौकरी प्राप्त कर चुके हैं।
