लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार, ठगी और अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार का कानून व्यवस्था पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा अब पूरी तरह से जीरो साबित हो चुका है। महिलाओं और बच्चियों के साथ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर पहुंच गया है, जो भाजपा सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण है।
अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ तक में हर दिन कई-कई आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। पूरे प्रदेश की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। हाथरस में एनएच-93 पर दिनदहाड़े बदमाशों द्वारा सेना के जवान अखिलेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है, वहीं राजधानी के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में थार सवार बदमाश युवक का अपहरण कर लूटपाट करते हैं। गोमती नगर जैसे पॉश इलाके में भी बाइक सवार बदमाश महिला का पर्स छीनकर फरार हो जाते हैं। यह घटनाएं साफ बताती हैं कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में 1,08,300 से अधिक लोग लापता हो चुके हैं। इन सभी मामलों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन आज तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। प्रदेश में अपहरण की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों और खोखली बयानबाजी के अलावा कुछ करने में सक्षम नहीं है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जिस भाजपा शासन में एक एसपी फरार हो जाता है और निवेश के नाम पर पांच प्रतिशत एडवांस लेने वाला एक आईएएस अधिकारी भी गायब हो जाता है, उस सरकार से आम नागरिकों की गुमशुदगी तलाशने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को खुद ही ‘लापता लोगों की सूची’ में डाल देना चाहिए।उन्होंने आगे कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। भाजपा सरकार ने पूरे शासन तंत्र को भ्रष्टाचार और अराजकता में डुबो दिया है। आम जनता, महिलाएं, बच्चे, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक सभी की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल है, और जनता अब भाजपा सरकार के खोखले दावों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।
