गोरखपुर। यात्रियों को ट्रेनों की सटीक और त्वरित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक नया पैसेंजर-फ्रेंडली लाइव ट्रेन इनफॉर्मेशन वेबपेज शुरू किया गया है। यह वेब एप्लीकेशन रेलवे द्वारा इन-हाउस विकसित किया गया है, जिससे बिना किसी अतिरिक्त खर्च के स्टेशन की सूचना प्रणाली को डिजिटल बनाया गया है।
नई व्यवस्था के तहत अब पूछताछ काउंटर पर मैन्युअल रूप से अपडेट किए जाने वाले व्हाइट बोर्ड की जगह डिजिटल इंटरफेस लगाया गया है। इस वेबपेज पर गोरखपुर जंक्शन से अगले चार घंटे में प्रस्थान करने वाली ट्रेनों की लाइव स्थिति दिखाई देती है। ट्रेनों को दिशा के अनुसार प्रदर्शित किया गया है, जिससे दैनिक और अनारक्षित यात्रियों को जानकारी समझने में आसानी होगी।
वेबपेज पर मार्ग परिवर्तन, रि-शिड्यूल, नियंत्रित और निरस्त ट्रेनों को विशेष रूप से हाइलाइट किया गया है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न हो। स्टेशन पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर यात्री सीधे इस वेबपेज तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा निर्धारित यूआरएल के माध्यम से मोबाइल फोन या किसी भी डिवाइस पर इसे देखा जा सकता है।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म में ऑटो-रिफ्रेश और ऑटो-स्क्रॉल की सुविधा भी दी गई है, जिससे रियल-टाइम अपडेट लगातार मिलते रहते हैं। इससे यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय की बचत होगी और भीड़ भी कम होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस प्रणाली में रेलकर्मी नई ट्रेनों की प्रविष्टि, मार्ग परिवर्तन, निरस्त ट्रेनों और संभावित प्रस्थान समय का समयबद्ध अपडेट कर सकते हैं। त्योहारों तथा बड़े आयोजनों, जैसे कुम्भ मेला और माघ मेला के दौरान जब यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, तब यह व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और सटीक सूचना प्रसारण में विशेष रूप से सहायक होगी।
रेलवे का कहना है कि इस पहल से यात्रियों को त्वरित और पारदर्शी ट्रेन सूचना मिलेगी, वहीं रेलकर्मी भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा निगरानी और प्लेटफॉर्म प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पर शुरू कर दी गई है।
