सुल्तानपुर। जनपद में कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देश पर सख्त कार्रवाई की गई है। मानकों का पालन न करने वाले 101 जन सेवा केंद्रों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
सीएससी के जिला प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई उन केंद्रों पर की गई है, जहां भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रॉपर ब्रांडिंग एवं रेट चार्ट (सेवाओं की मूल्य सूची) प्रदर्शित नहीं की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में केवल वही सीएससी संचालित किए जाएंगे, जो पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप कार्य करेंगे।
जिला प्रबंधक ने कहा कि जिन केंद्रों पर न तो अधिकृत ब्रांडिंग पाई गई और न ही सेवाओं की रेट लिस्ट लगी थी, उन्हें चिन्हित कर बंद किया गया है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं के नाम पर होने वाली अतिरिक्त वसूली से बचाना तथा वास्तविक और अधिकृत सीएससी की पहचान सुनिश्चित करना है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी भी संचालक द्वारा अनिवार्य ब्रांडिंग या रेट लिस्ट में लापरवाही बरती गई, तो उसका सेंटर बिना पूर्व सूचना के निरस्त कर दिया जाएगा।
