सुलतानपुर। जिले के हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय युवती रूपा की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा धनपतगंज थाना क्षेत्र के पीपरगांव स्थित पूरे राधे पंडित के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने युवती को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिवार को मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही धनपतगंज थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।घटनास्थल पर बल्दीराय और गोसाईगंज थानों की पुलिस भी मौजूद है।
परिजनों का आरोप है कि इस इलाके में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कभी ठोस कदम नहीं उठाया और न ही पीड़ित परिवारों को कोई सहायता मिली। इसी नाराजगी के चलते परिजन शव उठाने से इनकार कर रहे हैं और न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।
