•अधूरी परियोजनाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश, बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिला आबकारी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब।
बस्ती। मा. प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने प्रभारी मंत्री को बुके देकर स्वागत किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों का भी स्वागत किया।
बैठक में सर्वप्रथम कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई, जिसमें पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर जनप्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया। प्रभारी मंत्री ने पिछली बैठक की अनुपालन आख्या की भी समीक्षा की और विभागीय परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि संचालित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देश देते हुए कहा कि संभावित बाढ़ से बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र पैचिंग कराने के निर्देश दिए। वहीं एनएचआई को राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों को चिन्हित कर बंद कराने के लिए कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में स्वीकृत 855 परियोजनाओं में से 193 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने शेष परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने शहर में ऑटो रिक्शा का रूट निर्धारित करने का सुझाव दिया, जिससे जाम की समस्या से राहत मिल सके। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला आबकारी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, विधायक प्रतिनिधि गुलाब चंद्र सोनकर, सरोज मिश्र, मोहम्मद सलीम, फूलचंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार, एसई हाइडिल खालिद सिद्दीकी, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
