•वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी शाम।
बस्ती। विकास क्षेत्र सल्टौआ स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय मझौआ बाबू में वार्षिकोत्सव एवं अंक पत्र वितरण समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।


मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रुधौली के विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में सरकारी विद्यालय निजी विद्यालयों से बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान विनोद कुमार राजभर ने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 6, 7 एवं 8 में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने समारोह को और आकर्षक बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रताप नारायण चौधरी ने वार्षिक कार्ययोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन विजय प्रकाश चौधरी ने किया, जबकि आभार ज्ञापन सहायक अध्यापक अब्दुल कादिर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में राम भरत वर्मा, राम जीत चौधरी, प्रभाकर पटेल, सौरभ पद्माकर, अरुण कुमार शुक्ल, वेद प्रकाश चौधरी, राजेंद्र कुमार चौधरी, सुरेंद्र प्रसाद पटेल, अनूप कुमार शुक्ल, उर्मिला वर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
