सुल्तानपुर (लम्भुआ)। जनपद के ग्राम बेलाही निवासी नवीन कुमार मिश्रा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में भारतीय रेलवे के आसनसोल डिवीजन में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत नवीन का चयन उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) में ‘कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि)’ के पद पर हुआ है।

यह चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा जारी सूची में हुआ है, जिसके बाद उन्हें आज रविवार को लखनऊ मुख्यालय से नियुक्ति पत्र भी प्राप्त हो गया है। नवीन कुमार मिश्रा, ग्राम बेलाही निवासी श्री शिव सागर मिश्रा के सुपुत्र हैं।
नवीन की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया है।
रेलवे में फार्मासिस्ट के रूप में कार्य करने के दौरान अर्जित अनुभव अब उन्हें नई जिम्मेदारी निभाने में सहायक होगा। ‘जूनियर ड्रग एनालिस्ट’ के रूप में वे प्रदेश में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण कार्य करेंगे।
जानकारी के अनुसार, नवीन अगले 30 दिनों के भीतर लखनऊ के अलीगंज स्थित कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। नवीन की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
