सुल्तानपुर। भदैयां के स्थानीय ब्लॉक सभागार में सीडीपीओ की देखरेख में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व सहयोग योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया गया।
मंगलवार को भदैया विकास खंड सभागार में सीडीपीओ दयाराम ने प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को कुछ शर्तों के साथ मातृत्व लाभ दिए जाते हैं। इसका उद्देश्य उनके स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति में सुधार लाना है।
योजना के तहत लाभार्थियों को तीन किस्तों में कुल 5,000 रुपये बैंक अथवा डाकघर खातों के जरिए दिए जाते हैं। पहली किस्त गर्भावस्था के 7-9 महीनों के दौरान प्रदान की जाती है। यह योजना समन्वित बाल विकास सेवाओं के मंच से लागू की गई है।
ब्लॉक समन्वयक ममता पाण्डेय ने बताया कि गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताएं इस योजना की पात्र हैं। योजना के तहत, पहली जीवित संतान के लिए गर्भवती और धात्री महिलाओं को तीन किस्तों में 5,000 रुपये का भुगतान करने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य उनके पोषण स्तर में सुधार और मजदूरी की पूरक प्रतिपूर्ति करना है।
इस दौरान सुपरवाइजर नीरज सिंह, सरिता सिंह, श्रद्धा त्रिपाठी, सुषमा तिवारी, अंजू वर्मा, विमलेश वर्मा सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
