•गंगा तट पर पदाधिकारियों ने ली शपथ, व्यापारियों के हितों की रक्षा का संकल्प।
हरिद्वार अरविंद गोयल की रिपोर्ट।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। मोती बाजार व्यापार मंडल हरिद्वार का शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम आनंद निवास, श्रवण नाथ मठ स्थित गंगा तट पर आयोजित किया गया, जहां पतित पावनी मां गंगा के सानिध्य में पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों की शपथ ली।
शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पराशर ने मोती बाजार व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशुतोष वर्मा, महामंत्री राजेश खुराना एवं कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष आशुतोष वर्मा ने कहा कि व्यापारियों द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरते हुए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से उनके हितों के लिए कार्य करेंगे। महामंत्री राजेश खुराना ने तीसरी बार मिले समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे। वहीं कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग ने भी व्यापारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने मां गंगा में दीपदान कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजन कार्यक्रम का संचालन रवि शर्मा द्वारा कराया गया। मां गंगा के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के अंत में अल्पाहार का आयोजन भी किया गया। इस दौरान जिला व्यापार मंडल के महामंत्री संजीव नैय्यर, प्रदीप कालरा, आकाश बंसल, संदीप गुप्ता, अमित गुप्ता सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।
