पन्ना(मध्यप्रदेश)। कहते है कि मध्य प्रदेश के पन्ना की धरा किसी को भी रंक से राजा बना देती है। आज फिर एक युवा किसान अभिलाष और उनके तीन साथियों की किस्मत रातोंरात बदल गई, जब उन्हें जरुआपुर की एक निजी खदान से एक शानदार 4 कैरेट 90 सेंट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला। उन्होंने यह कीमती हीरा आज जिला हीरा कार्यालय में जमा कर दिया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। जिसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा।
अभिलाष ने अपने साथियों, राजेश मजूमदार और दिलीप कुमार मिस्त्री के साथ मिलकर हीरा कार्यालय से पट्टा बनवाकर जरुआपुर निजी खेत मे खदान लगाई थी और कड़ी मेहनत के बाद आज उन्हें सफलता मिली। इस सफलता से उत्साहित किसान अभिलाष ने बताया कि हीरे की नीलामी के बाद मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल वे आगे भी खदान लगाने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में करेंगे।
उल्लेखनीय है कि जिस दिलीप मिस्त्री के नाम पर यह हीरे का पट्टा था, उन्हें पहले भी एक दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े हीरे मिल चुके हैं। हीरा अधिकारी अनुपम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग है। इसे आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा। नीलामी के बाद, साढे 11 प्रतिशत रॉयल्टी काट कर बची हुई राशि किसान के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।
