बस्ती। शहर से सटे मिश्रौलिया स्थित युवा चेतना पुस्तकालय में विश्व कला दिवस के अवसर पर विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली एवं युवा विकास समिति, बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में पुस्तकालय अभिमुखीकरण एवं आर्ट-पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. नवीन सिंह ने किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. नवीन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कला मनुष्य के व्यक्तित्व को संपूर्ण बनाती है तथा बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन और संवेदनशीलता का विकास करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला के अभ्यास पर भी बल दिया।
विशिष्ट अतिथि बबिता गौतम ने कहा कि कला जीवन को सुंदर और संतुलित बनाती है। बच्चों को बचपन से ही पेंटिंग, संगीत एवं अन्य कलाओं से जोड़ना आवश्यक है, जिससे उनमें सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
मुख्य वक्ता अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि कला समाज का दर्पण है, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपनी भावनाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त कर सकता है। उन्होंने युवाओं से अपनी रचनात्मक प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का आह्वान किया।
मंगला प्रसाद मौर्य ने शिक्षा के साथ कला के समन्वय को आवश्यक बताते हुए कहा कि कला व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं प्रिंस यादव ने डिजिटल युग में बच्चों के कला से दूर होते जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को प्रेरणादायी बताया।
संस्था के सचिव बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने पुस्तकालय की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुस्तकों का समृद्ध भंडार उपलब्ध है। साथ ही हिंदी-अंग्रेजी की पत्रिकाएं, समाचार-पत्र और जर्नल नियमित रूप से उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे युवाओं को बेहतर अध्ययन का अवसर मिलता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पुस्तकालय से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में तूलिका पाण्डेय, सिद्धार्थ, रक्षित सिंह सोलंकी, हर्ष देव पाण्डेय, अदम्य, अन्वी मौर्या, आर्यन मौर्य, कुणाल पाण्डेय, अमृतांश पांडे, मानवी तिवारी, महिमा तिवारी एवं अगम पाण्डेय को प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर माधुरी, राम विलास मौर्य, संजय कुमार गौतम एवं शुभम जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
