लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना पीजीआई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का सफल अनावरण कर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी गया ओप्पो मोबाइल फोन तथा 5000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना पीजीआई पर मु0अ0सं0 091/2026 धारा 305(ए)/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
पुलिस के अनुसार 11/12 फरवरी 2026 की रात्रि को आवास विकास कार्यालय रोड स्थित एक दुकान में अज्ञात व्यक्ति द्वारा घुसकर मोबाइल फोन और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली गई थी। घटना के अनावरण के लिए थाना पीजीआई पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। उपनिरीक्षक परमानन्द सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नन्दलाल पटेल और कांस्टेबल संदीप कुमार द्वारा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने वृंदावन योजना सेक्टर-09, चिरैया बाग, सेक्टर-11, सेक्टर-16, ग्राम इश्वरी खेड़ा, सेक्टर-12 सहित विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की।इसी क्रम में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-10 स्थित सीवेज प्लांट के सामने सड़क किनारे पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित यादव पुत्र स्वर्गीय पुत्तीलाल निवासी तकरोही थाना इन्दिरानगर, लखनऊ उम्र लगभग 28 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एक काले रंग का ओप्पो मोबाइल फोन तथा जैकेट की जेब से 5000 रुपये नकद बरामद हुए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह भाड़े पर वाहन चलाने का कार्य करता है और पिछले कुछ दिनों से वृंदावन पीजीआई क्षेत्र में ही आ-जा रहा था। पैसों के लालच में उसने 11/12 फरवरी की रात दुकान में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त सुनसान स्थानों को चिन्हित कर चोरी करता था।जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना गाजीपुर, लखनऊ में मु0अ0सं0 29/14 धारा 392 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दक्षिणी जोन पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
