कुदरहा, बस्ती। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कुदरहा क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से बचने के प्रयास में एक कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार चालक एवं प्रधान पति राम प्रकाश यादव बाल-बाल बच गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम प्रकाश यादव अपने घर से कुदरहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक स्कॉर्पियो वाहन तेज गति से उनकी ओर आता दिखाई दिया। वाहन के अचानक बेहद करीब आने पर उन्होंने बचाव के लिए कार मोड़ दी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आसाराम के घर के पास खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। राम प्रकाश यादव को केवल मामूली चोटें आई हैं।
हालांकि, हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है और उसके कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना के बाद लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
