– के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती जनक नंदिनी की अध्यक्षता में 11 मार्च 2026 को पूर्वान्ह 11:00 बजे से महिला जनसुनवाई कार्यक्रम एवं समीक्षा बैठक का आयोजन विकासखंड खलीलाबाद सभागार में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस जनसुनवाई कार्यक्रम में पीड़ित महिलाएं उपस्थित होकर अपनी समस्याएं सीधे महिला आयोग के समक्ष रख सकती हैं तथा उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, श्रीमती जनक नंदिनी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत काली जगदीशपुर, विकासखंड नाथनगर, जनपद संत कबीर नगर में महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता चौपाल का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी खलीलाबाद को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
