हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र स्थित पंडित पूर्णानंद तिवारी लॉ कॉलेज पर छात्र-छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने दो वर्षों की फीस वसूल ली, लेकिन इसके बावजूद एक भी सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित नहीं कराई, जिससे छात्रों का एक पूरा शैक्षणिक वर्ष बर्बाद हो गया।
छात्रों के अनुसार उन्होंने अगस्त 2024 में कॉलेज में बीए एलएलबी (पांच वर्षीय पाठ्यक्रम) में प्रवेश लिया था। नियमानुसार इस कोर्स में प्रत्येक वर्ष दो सेमेस्टर होते हैं और हर छह माह में सेमेस्टर परीक्षा कराई जानी चाहिए। लेकिन प्रवेश के लगभग एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एक भी सेमेस्टर की परीक्षा नहीं कराई गई।
छात्र-छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश के समय पूरी फीस जमा करा ली, लेकिन पढ़ाई और परीक्षा को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई। परीक्षा न होने से निराश होकर अधिकांश छात्रों ने कॉलेज छोड़ दिया। जो कुछ छात्र बचे रहे, उनसे कॉलेज प्रबंधन ने कथित तौर पर एक और साल की फीस भी वसूल ली।
छात्रों का कहना है कि अब तक उनकी तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा हो जानी चाहिए थी, लेकिन स्थिति यह है कि पहले सेमेस्टर की भी परीक्षा नहीं हुई। इस पूरे मामले को लेकर छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में भारी रोष है।
पीड़ित छात्रों ने संबंधित उच्च शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की जांच कराए जाने तथा दोषी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र का शैक्षणिक भविष्य इस तरह बर्बाद न हो।
