•बुजुर्गों के बीच पहुंचकर लिया आशीर्वाद, युवाओं से माता-पिता की सेवा का किया आह्वान।
बस्ती। रविवार को समाजसेवी संतोष वर्मा ने अपना जन्मदिन बनकटा स्थित वृद्धाश्रम में सेवा कार्य करते हुए मनाया। इस अवसर पर उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच वस्त्र एवं फल वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में आत्मीय माहौल देखने को मिला। संतोष वर्मा ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। वृद्धजनों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर संतोष वर्मा ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे जरूरतमंद लोगों के साथ साझा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों की सेवा करें और उन्हें कभी अकेलापन महसूस न होने दें। उन्होंने कहा, “आज हम अपने माता-पिता के साथ जैसा व्यवहार करेंगे, वही आने वाली पीढ़ी हमसे सीखेगी।”
वृद्धाश्रम के संचालकों ने संतोष वर्मा के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से वृद्धजनों को मानसिक संबल मिलता है और वे स्वयं को समाज से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
इस दौरान फैजान सूर्यवंशी, नितेश चौधरी, राज चौधरी, अफजल खान, प्रिंस प्रताप, विकास चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
