•सपा कार्यालय पर जयंती कार्यक्रम व मासिक बैठक आयोजित, नेताओं ने समाज निर्माण में महापुरुषों के योगदान को किया याद।
बस्ती। रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर निषादों के राजा निषादराज गुह्य एवं महर्षि कश्यप की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। सपा जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही पार्टी की मासिक बैठक भी संपन्न हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि निषाद वंश के ऋंगवेरपुर के राजा निषादराज गुह्य ने वनवास काल में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को आश्रय दिया तथा केवट के माध्यम से गंगा पार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं महर्षि कश्यप का समाज निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा। साथ ही पात्र लोगों की मदद और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’, राजाराम यादव, दयाशंकर मिश्र, आर.डी. निषाद, समीर चौधरी, जावेद पिण्डारी, मो. स्वालेह, गीता भारती, इन्द्रावती, रविकान्त निषाद सहित कई वक्ताओं ने निषादराज गुह्य और महर्षि कश्यप के जीवन व योगदान पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने बताया कि निषादराज गुह्य ऋंगवेरपुर (वर्तमान प्रयागराज) के महाराजा थे, जिन्होंने वनवास काल में श्रीराम, सीता और लक्ष्मण की सेवा की। वहीं महर्षि कश्यप सप्तऋषियों में प्रमुख माने जाते हैं और उन्हें ब्रह्मा जी का मानस पुत्र भी माना जाता है।
इसी क्रम में मूडघाट पर पंकज निषाद के संयोजन में भी निषादराज गुह्य की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सपा के अनेक नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
अंत में सपा जिला सचिव रामचन्द्र यादव के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
