गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के पद पर सुमित कुमार ने गुरुवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/एफ.एम. के पद पर तैनात थे।
ज्ञात हो कि निवर्तमान सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह का स्थानांतरण लखनऊ मंडल में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) के पद पर किया गया है।
सुमित कुमार ने वर्ष 2007 में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से एम.एससी. की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 2010 बैच के भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी के रूप में उन्होंने रेल सेवा में प्रवेश किया।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार मंडल में सहायक परिचालन प्रबंधक के रूप में सेवा दी। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी और लखनऊ मंडल में मंडल परिचालन प्रबंधक तथा गोरखपुर मुख्यालय में उप मुख्य परिचालन प्रबंधक/माल के पदों पर भी सफलतापूर्वक दायित्व निभाए।
रेल प्रशासन एवं प्रबंधन का व्यापक अनुभव रखने वाले सुमित कुमार को साहित्य में भी विशेष रुचि है। अपने सरल स्वभाव और कार्यकुशलता के कारण वह अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय माने जाते हैं।
