विकास भवन पर कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, न्याय मिलने तक संघर्ष का ऐलान।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। महिला खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से कथित अभद्रता के विरोध में विकास भवन मुख्यालय पर कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
जिला मुख्यालय के दक्षिणांचल स्थित विकासखंड पौली से जुड़े इस प्रकरण ने अब सियासत बनाम प्रशासन का रूप ले लिया है। दूसरे दिन भी विकास भवन परिसर में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कर्मचारी धरने पर बैठे रहे।
धरना-प्रदर्शन का असर जनपद के अन्य ब्लॉक मुख्यालयों पर भी देखने को मिला, जहां कामकाज प्रभावित रहा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
सूत्रों के अनुसार प्रशासन और संबंधित पक्षों के बीच वार्ता के संकेत मिल रहे हैं, हालांकि अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया है कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। अब देखना यह है कि इस मामले में प्रशासनिक पहल प्रभावी होती है या सियासी दबाव।
