बस्ती। शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही ग्रामीण अंचलों में मां दुर्गा की मूर्तियों की स्थापना का सिलसिला शुरू हो गया है। जगह-जगह पूजा-पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। गांव-गांव में भक्तिमय माहौल बन गया है और श्रद्धालु देवी के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर रहे हैं।
इसी क्रम में बस्ती सदर विकासखंड के साहुपार ग्राम सभा स्थित कटहरी काली मंदिर के बगल मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन एवं आरती सम्पन्न हुई। इसके बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नीरज चौधरी, राजकुमार श्रीवास्तव, बिंदु श्रीवास्तव, अध्यक्ष किशोरी गुप्ता, महसो मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी ने मां दुर्गा की आरती उतारी। इस अवसर पर संतोष गुप्ता, अवधराज सिंह, राजेश गुप्ता, आशुतोष जायसवाल, रवि श्रीवास्तव सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
वहीं, महसो चौराहे पर भी ग्राम प्रधान साहुपार लालजी चौधरी और जानार्दन चौधरी ने पूजा-अर्चना कर मां भगवती की आराधना की। पूजन-अर्चन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर कन्हैया गुप्ता, राम बुझारत, रामदरस, विशाल सिंह, शिव प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा पूजा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन व पूजन के लिए उत्सुक हैं।
