– के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संतकबीरनगर। जिले के खलीलाबाद स्थित सपा कार्यालय में आयोजित एक स्वागत समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भीड़ में सक्रिय जेबकतरों ने पत्रकारों को ही निशाना बना लिया।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा ज्वाइन करने वाले रोहित पांडे के जनपद में प्रथम आगमन पर जोरदार स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी और “समाजवादी पार्टी जिंदाबाद” के नारों के बीच जेबकतरे भी सक्रिय हो गए।
इस दौरान समाचार कवरेज के लिए पहुंचे कई पत्रकार जेबकतरों का शिकार बन गए।
सामना टीवी व अभिजीत टाइम्स के संपादक पत्रकार शक्ति उर्फ बाबुल श्रीवास्तव की जेब सपा कार्यालय परिसर में काट दी गई, जिसमें रखे लगभग ₹5500 नकद चोरी हो गए।
वहीं पत्रकार उपेंद्र मणि त्रिपाठी का जेब डिग्री कॉलेज के पास काटा गया, जिसमें उनका पर्स, लगभग ₹2500 नकद और महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेज चोरी हो गए।
घटना शहर कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र की है। इस अप्रत्याशित घटना से पत्रकारों में नाराजगी देखी गई।
बताया जा रहा है कि जहां एक ओर मंच से नेताओं द्वारा संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की जा रही थी, वहीं दूसरी ओर भीड़ में शामिल असामाजिक तत्व अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे थे।
यह घटना इस कहावत को चरितार्थ करती नजर आई— “गए थे हरिभजन को, ओटन लगे कपार”, यानी खबर कवरेज करने पहुंचे पत्रकार खुद ही खबर बनकर रह गए।
