➡️ दुबौलिया बाजार में 9 दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा का पांचवां दिन, भक्तिमय माहौल।
बस्ती। जनपद के दुबौलिया बाजार स्थित राम विवाह मैदान में नारायण सेवा संस्थान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित 9 दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा के पांचवें दिन भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कथा व्यास स्वामी स्वरूपानन्द जी महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा मनमोहक, भवभय से मुक्त करने वाली तथा मर्यादापूर्ण जीवन जीने का सर्वोत्तम साधन है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम बचपन से ही तेजस्वी थे और अपनी बाल लीलाओं से सभी को आनंदित करते थे।
स्वामी जी ने श्रीराम के यज्ञोपवीत संस्कार एवं गुरु आश्रम में अल्प समय में समस्त विद्याओं को प्राप्त करने का वर्णन करते हुए उनके आदर्श जीवन को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने भगवान श्रीराम की मनोहारी बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया, जिसमें माता कौशल्या के साथ उनकी दिव्य घटनाओं का उल्लेख कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कथा के दौरान उन्होंने बताया कि एक प्रसंग में माता कौशल्या को श्रीराम के दिव्य स्वरूप का दर्शन हुआ, जिसमें उनके प्रत्येक रोम में करोड़ों ब्रह्मांड समाहित दिखाई दिए। इस अद्भुत लीला को सुनकर श्रद्धालु भावुक हो उठे।
स्वामी स्वरूपानन्द ने कहा कि भगवान शिव, काकभुशुण्डि एवं अनेक देवी-देवता भी श्रीराम की बाल लीलाओं का आनंद लेने अयोध्या धाम पहुंचे थे। उन्होंने ‘विश्वामित्र’ शब्द का अर्थ बताते हुए कहा कि जो समस्त विश्व का मित्र हो, वही विश्वामित्र कहलाता है।
इस अवसर पर मुख्य यजमान संजीव सिंह ने विधि-विधान से कथा व्यास का पूजन किया। कार्यक्रम में आयोजक बाबूराम सिंह, अनिल सिंह, जगदम्बा प्रसाद पांडेय, जीत बहादुर सिंह, हीरा सिंह, राजनारायण पांडेय, सत्यनारायण द्विवेदी, गणेश तिवारी, राधे गुप्ता, सभाजीत चौधरी, अजय सिंह, अरुण सिंह, रंजीत चौधरी, डॉ. आर.डी. मिश्रा, डॉ. जे.आर. मौर्य, सुनील सिंह, जसवंत सिंह, अनूप सिंह, प्रमोद पांडेय, हर्षित सिंह, आदित्य सिंह, नीरज गुप्ता, इन्द्रपरी सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
