के.के. मिश्रा, संवाददाता।
प्रतापगढ़। जनपद के थाना कंघई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अस्थरा में भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज के परिवार एवं ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया।














इस अवसर पर पूरे गांव में “बाबा साहब अमर रहें” के गगनभेदी नारों से माहौल गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के तहत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं संवैधानिक योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाबा साहब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को अपनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज के उत्थान, समानता और अधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित कर दिया।
वक्ताओं ने यह भी बताया कि बाबा साहब द्वारा निर्मित भारतीय संविधान आज देश की एकता और अखंडता का आधार है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार और कर्तव्यों का बोध कराता है।
इस मौके पर मुन्नीलाल गौतम, भारत वर्मा, उदयराज यादव, शेर अली, राजेंद्र प्रसाद, देवी प्रसाद, शिवकुमार, राममूरत, गिरधारी लाल, प्रमोद कुमार, नागेंद्र कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, बीडीसी सदस्य एवं आसपास के गांवों के लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूरे गांव की एकजुटता देखने को मिली और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
