हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार- लालढांग(उत्तराखंड )। लालढांग क्षेत्र के कटेबढ़ गांव में दिनदहाड़े भालू आने से गांव के लोगों में अफरा -तफरी मच गई। लोगों की ओर से वन विभाग से भालू को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने की मांग की गई है।
रविवार को दोपहर 12 बजे के लगभग कटेबढ़ गांव में भालू दिखाई दिया आबादी में दोपहर में भालू आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। गांव वालों ने भालू को भगाने के लिए काफी मशक्कत की लेकिन भालू इधर-उधर भागता रहा।
कोटा वाली सेक्शन अधिकारी गौतम राठौड़ को जब गांव में भालू आने की सूचना मिली तब टीम सहित मौके पर पहुंचकर भालू को ग्रामीणों की मदद से जंगल की ओर भगा दिया।
गांव के गुरविंदर सिंह ने बताया कि जब भालू को गांव की ओर से जंगल की ओर खदेड़ रहे थे , तब उसी समय भालू गगनदीप के आंगन में आ गया। उन्होंने बताया चंद सेकंड पहले बच्चे आंगन में खेल रहे थे। किसी तरह से भालू को बाहर निकाला गया।
गांव के योगराज सिंह ने बताया कि गांव में इस तरह से भालू के आने से किसान अपने खेतों में भी काम नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि भालू अकेला देख कर व्यक्ति पर हमला कर सकता है।
गांव के पंकज सैनी ने बताया कि 2 दिन पूर्व बगल के गांव मोल्हापुरी में दिन में भालू दिखाई दिया था। सैक्शन अधिकारी गौतम राठौड़ ने बताया कि भालू को पटाखे छोड़कर गांव से बाहर जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। गांव वाले भालू की निगरानी कर रहे हैं।
