👉₹52.65 करोड़ की लागत से हो रहा पुनर्विकास, भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार होगा स्टेशन।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत औंड़िहार-भटनी रेलखंड पर स्थित मऊ जंक्शन स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य तेजी से किया जा रहा है। करीब ₹52.65 करोड़ की लागत से हो रहे इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।
मऊ जंक्शन पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जहां से देश के कई बड़े शहरों जैसे नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, प्रयागराज, जयपुर और अहमदाबाद के लिए सीधी ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में इस स्टेशन से प्रतिदिन 44 मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी गाड़ियां संचालित हो रही हैं।
पुनर्विकास कार्य के तहत स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, आकर्षक फसाड, बेहतर प्रवेश-निकास द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ प्रसाधन, उन्नत प्रकाश व्यवस्था तथा प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण एवं विस्तार का कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), लिफ्ट और एस्केलेटर भी लगाए जा रहे हैं।
अब तक 3,000 वर्ग मीटर में स्टेशन भवन व पोर्च का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके साथ ही 15,000 वर्ग मीटर सड़क निर्माण, 2,000 वर्ग मीटर पार्किंग, 600 मीटर ड्रेनेज तथा 1,250 मीटर बाउंड्री वॉल का निर्माण भी पूरा हो चुका है। प्लेटफॉर्म पर 5,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में ग्रेनाइट लगाने का कार्य जारी है।
यात्रियों को धूप व बारिश से बचाने के लिए पीपी शेल्टर, आधुनिक साइनेज, महिला-पुरुष एवं दिव्यांगजन हेतु सुविधायुक्त प्रसाधन तथा विभिन्न श्रेणी के प्रतीक्षालयों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के साथ 2 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे।
कार्य पूर्ण होने के बाद मऊ जंक्शन न केवल आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा, बल्कि बढ़ते यात्री भार को भी सुगमता से संभाल सकेगा। इससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और मऊ शहर के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
